उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने सालम क्रांति के शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि

सालम शहीद स्मारक के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपए की घोषणा

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा जनपद की तहसील जैंती के धामदेव में सालम क्रांति दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद नर सिंह एवं टीका सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वतंत्रता सेनानी नर सिंह और टीका सिंह ने अग्रेजों से लड़ते हुए 25 अगस्त 1942 को इस स्थान पर अपना बलिदान दिया था। उनकी बरसी पर हर साल धामदेव में सालम क्रांति दिवस मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सालम क्रांति का देश में विशेष महत्व है। देश की आजादी में जैंती क्षेत्र का अहम योगदान रहा है। शहीद टीका सिंह धामदेव, अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा क्षेत्र में रहने वाले एक प्रतिष्ठित स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह में हिस्सा लिया और देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। टीका सिंह का नाम उन गिने-चुने नायकों में आता है जिन्होंने अपने साहस और बलिदान से भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. गोपाल नाथ की पत्नी सरोली देवी को भी शॉल भेट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने सालम शहीद स्मारक के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिये कुल 50 लाख की घोषणा की। इसमें पूर्व में शिक्षा मंत्री द्वारा की गई 25 लाख की घोषणा भी इसमें शामिल है। मुख्यमंत्री ने मोरनौल जैंती से चैकुना दन्योला मोटर मार्ग का नाम अमर शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री नरसिंह धानक जी के नाम पर किये जाने तथा उनकी स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्मारक बनाये जाने की भी घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सालम शहीद स्मारक स्थल का पर्यटन विभाग एवं संस्कृति विभाग द्वारा मास्टर प्लान बनाकर विकसित किये जाने, जैंती से मोर नौला तक मोटर मार्ग में हाटमिक्स एवं चैड़ीकरण का कार्य किये जाने, पनार नदी के सैमदेव नामक स्थान से धामदेव व कुटोली के टाबिसै तक पंपिंग योजना का निर्माण किये जाने, कुसैल बैंड, जैंती, छाना, खरकुटा से थुवा सिमल तक लिंक मोटर मार्ग का निर्माण किये जाने, ग्राम पंचायत पीतना में बहुउद्देशीय भवन का निर्माण किये जाने, भनोली के महाविद्यालय में सुविधाओं के विकास हेतु उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से परीक्षण कराये जाने, गांधी इंटर कालेज में 4 कक्षा-कक्षों का निर्माण किये जाने, ध्याडी खोला एवं छाना धारकोटा में खेल मैदानों के लिए 25-25 लाख रुपए, की धनराशि प्रदान किये जाने, सिल्दिया मल्ला में शिव मंदिर का सौंदर्यीकरण किये जाने के साथ ही राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के उच्चीकरण किये जाने पर विचार किये जाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की।

मुख्यमंत्री ने हवालबाग स्थित आरबीआई का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री धामी ने आरबीआई हवालबाग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संस्थान आज ग्रामीण अंचल के व्यवसायियों एवं नवयुवकों एवं रोजगार के लिये प्रशिक्षित कर रहा है। अपने उत्पादों एवं सेवाओं की विपणन व ब्रांडिंग आदि के बारे में प्रशिक्षण प्रदान कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जा रहे है। जागेश्वर के विधायक मोहन सिंह मेहरा ने भी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विनीत तोमर, एसएसपी देवेंद्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, जिलाध्यक्ष बीजेपी रमेश बहुगुणा, महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट, शहीद स्मारक सालम समिति अध्यक्ष दीवान सिंह बोरा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय जनता एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!