
ज्योतिर्मठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ के अँग्रेजी विभाग में सत्र 2025-26 के लिए विभागीय परिषद अँग्रेजी का गठन किया गया। अँग्रेजी विभाग के बी. ए. द्वितीय, चतुर्थ और षष्टम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने आपसी सहमति से बी. ए. षष्टम सेमेस्टर की छात्रा नीलम को परिषद का अध्यक्ष, बी. ए. षष्टम के छात्र नवल सिंह को उपाध्यक्ष , बी. ए. चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सचिन चौहान को सचिव और बी. ए. द्वितीय सेमेस्टर के छात्र सीमांत को कोषाध्यक्ष के पद के लिए चुना। देव, सृष्टि, आयशा, शिवानी और आयुषी भट्ट को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया।
विभागीय परिषद अँग्रेजी का चुनाव विभाग प्रभारी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. चरणसिंह केदारखंडी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। नवगठित परिषद को आशीर्वाद और बधाई देते हुए अपने उदबोधन में उन्होंने कहा कि विभागीय परिषद विभिन्न सेमेस्टर के विद्यार्थियों के बीच संवाद, सार्थक विमर्श, विभाग की दीवार पत्रिका का संपादन, अन्य रचनात्मक गतिविधियों और समय समय पर आयोजित विभागीय कार्यक्रमों के संचालन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेगी। उन्होंने नवगठित परिषद से आग्रह किया कि वे अँग्रेजी विभाग को डिपार्टमेंट ऑफ एकेडमिक एक्सीलेंस की दिशा में प्रशस्त करें।
इस अवसर पर अँग्रेजी विभाग के छात्र और छात्राएं उपस्थित रहे।



