उत्तराखंड

‘मुख्य सेवक संवाद-आपके द्वार’ कार्यक्रम में त्यूनी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री ने महासू महाराज के मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की

  • महासू महाराज मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण के लिए 120 करोड़ का किया प्रावधान : धामी

त्यूनी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को त्यूनी में आयोजित मुख्य सेवक संवाद-आपके द्वार’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिलाओं को किट वितरित की।

मुख्यमंत्री ने महासू महाराज की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें, टोंस की तट पर स्थित आध्यात्मिक चेतना विशिष्ट परंपराओं की भूमि में आने का मौका मिला। उन्होंने कहा 2022 विधानसभा परिणाम से पहले उन्होंने मासूम महाराज के दर्शन किए थे। ऐसे धाम में कोई भी देवों की इच्छा के बिना नहीं आ सकता है। उन्होंने कहा वो स्वयं महाजू महाराज के अनन्य भक्त हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार ने जौनसार बाबर में विभिन्न विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया है। इस क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को विश्व पटल पर एक नई पहचान दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य आरंभ किए गए हैं। महासू महाराज मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण के लिए 120 करोड़ का प्रावधान किया गया है। मास्टर प्लान के बाद यहां तीर्थाटन और रोजगार बढ़ेंगे। राज्य सरकार विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा हनोल के मास्टर प्लान पर जिस प्रकार की आवश्यकता है, उसे विस्तार दिया जाएगा। अभी इस मास्टर प्लान की शुरुआत है। हनोल मास्टर प्लान से इस क्षेत्र में बहुत बड़ी समृद्धि आने वाली है। प्रधानमंत्री की भी प्राथमिकता में यह पूरा क्षेत्र है। भविष्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस क्षेत्र में आएंगे जिससे यहां रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा केदारखंड, मानसखण्ड में श्रद्धालुओं की निरंतर संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा राज्य सरकार विकासनगर में यमुना धाम और हरीपुर नगर बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा लंबे समय से हमारी जमीन और संसाधनों से छेड़छाड़ हो रही थी। कई लोग हमारी डेमोग्राफी को खराब और मूल अस्तित्व से छेड़छाड़ कर रहे थे। इस बार राज्य सरकार ने विधानसभा में जनता की मांग, और जनभावनाओं के अनुरूप सशक्त भू सुधार कानून को लागू किया है। उन्होंने कहा हमने जो वचन उत्तराखंड की देवतुल्य जनता से किया वो सारे वचन पूरे किए हैं।

इस अवसर पर विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, जिला पंचायत सदस्य मठोर सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल, पूर्व एस.टी आयोग अध्यक्ष मूरत राम शर्मा, सचिव रणवीर सिंह चौहान, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, प्रधान राजा राम शर्मा, प्रताप सिंह रावत, एसडीएम कालसी गौरी प्रभात, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने महासू महाराज के मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की

मुख्यमंत्री धामी ने रविवार को हनोल स्थित विश्व प्रसिद्ध महासू महाराज एवं बाशिक महाराज महेंद्रथ में पूजा अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली तरक्की एवं प्रगति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर का भ्रमण किया एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं का फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय ग्रामवासियों से महासू महाराज मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण के संबध में भी सुझाव लिए। उन्होंने कहा स्थानीय जनता की भावनाओं के अनुरूप ही मंदिर का पुनर्विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने महासू मंदिर परिसर में महासू महाराज, पवासी महाराज, बशीक महाराज के मदिर मास्टर प्लान लेआउट का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा हमने महासू महाराज के परिसर को भव्य और दिव्य बनाना है। जिससे आने वाले समय में देश भर से यहां श्रद्धालु आसानी से पहुंच सके। उन्होंने कहा महासू देवता का मंदिर हमारी आस्था का बड़ा केंद्र है। महासू महाराज की महिमा को जन जन तक पहुंचाना भी हमारा कर्तव्य है।

हनोल में रात्रि विश्राम करेंगे मुख्यमंत्री

प्रसिद्ध महासू महाराज के दर्शन करने पहुंचे मुख्यमंत्री हनोल में ही रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान हनोल क्षेत्र के लोगों से मिलकर उनकी जनसमस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा हनोल क्षेत्र सकारात्मक ऊर्जा से भरा हुआ है। यहां आकर मन को शांति मिलती है। उन्होंने कहा यह स्थान हमारी देवभूमि का प्रमुख एवं पवित्र स्थान है। इसका विकास करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार हनोल क्षेत्र में होमस्टे को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य करेगी। जिससे यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा हमने जौनसार बावर की संस्कृति का भी व्यापक प्रचार प्रसार करना है। उन्होंने कहा आने वाले समय में राज्य सरकार महासू महाराज मंदिर के साथ ही हनोल क्षेत्र में अन्य मंदिरों का भी चरणबद्ध तरीके से विकास करेगी ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button