राजधानी में दिनदहाड़े युवती की हत्या ने खोली राज्य की ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था की पोलः गोदियाल

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राजधानी देहरादून के मुख्य बाजार में युवती की गला काटकर हत्या की घटना ने साबित कर दिया है कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
गोदियाल ने कहा कि जिस प्रकार राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े युवती की गला काटकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया, उसने भाजपा के जंगलराज की पोल खोल कर रख दी है। जिस स्थान पर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया, उससे कुछ ही दूरी पर राजधानी की मुख्य कोतवाली स्थित है। मुख्य बाजार में चैबीस घंटे भीड़भाड़ रहती है लेकिन पुलिस, आम जनता की सुरक्षा के प्रति असंवेदनशील बनी हुई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चाहे महिला सुरक्षा का मामला हो या आम आदमी की जानमाल की सुरक्षा का, राज्य पुलिस हर क्षेत्र में विफल रही है। अपराधी अपराध कर साफ बच रहे हैं तथा पुलिस द्वारा जनता की आंख में धूल झोंकने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार पूर्व में राज्य में हुए अंकिता भण्डारी हत्याकांड की गुत्थी पूरी तरह सुलझाने तथा वीआईपी का खुलासा करने में भी पुलिस अभी तक नाकाम रही है। इससे यह भी साबित हो चुका है कि पुलिस द्वारा कहीं न कहीं अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।



