गढ़वाल विश्वविद्यालय में एमएमटीसी में प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 फरवरी से
देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से 55 संकाय सदस्य करेंगे प्रतिभाग

श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के यूजीसी-मालवीय मिशन टीचर्स ट्रेनिंग सेंटर (एमएमटीसी) की ओर से भारतीय ज्ञान परम्परा के पाठ्यक्रम में प्रभावी एकीकरण के उद्देश्य से 16 फरवरी से विशेष क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
एमएमटीसी के निदेशक प्रो. डीएस नेगी ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा प्रायोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 से 21 फरवरी तक अकादमिक क्रियाकलाप केन्द्र चौरास परिसर में आयोजित किया जायेगा। कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से 55 संकाय सदस्य तथा विश्वविद्यालय नगर से 45 शोधार्थी प्रतिभाग करेंगे। बताया कि यूजीसी द्वारा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रो. सुब्रमण्यम को कार्यक्रम की संपूर्ण अवधि के लिए यूजीसी ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में समन्वयक के रूप में डॉ. अमरजीत सिंह की नियुक्ति की गई है।




