राजनीति

गोदियाल ने नंदप्रयाग, चमोली और गोपेश्वर में निकाली ‘अंकिता भंडारी को न्याय दो पद यात्रा’

हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन का दौर आज जारी

गोपेश्वर। अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच उच्चतम न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से कराये जाने की मांग को लेकर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन एवं आन्दोलन का दौर आज भी जारी रहा।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आज नंदप्रयाग, चमोली एवं गोपेश्वर में अंकिता भंडारी को न्याय दो पद यात्रा निकाली, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भगवानपुर, पिरान कलियर एवं रुड़की, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने रानीखेत तथा प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने देहरादून के विभिन्न वार्डों में अंकिता भंडारी को न्याय दो पद यात्रा निकाली।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नंदप्रयाग, चमोली एवं गोपेश्वर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक भाजपा सरकार उच्चतम न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई की जांच कराने की घोषणा नहीं करती तथा उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस का आन्दोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 30 दिसम्बर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को हत्याकांड से जुडे बिन्दुओं पर स्पष्टीकरण की मांग की थी परन्तु अभी तक राज्य की पुलिस ने एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया, वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यन्त कुमार गौतम के पत्र का तुरंत संज्ञान लेते हुए कांग्रेसजनों पर एफआई आर दर्ज करने में तत्परता दिखाई। उन्होंने कहा कि काश प्रदेश की पुलिस ने बिना भाजपा सरकार के दबाव में आये अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच और वीआईपी के नाम का खुलासा करने में इतनी तत्परता दिखाई होती तो आज राज्य के आम आदमी को आन्दोलन के लिए सड़कों पर उतरने का मजबूर नहीं होना पड़ता।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में हुए खुलासे से साबित हो गया है कि भाजपा सरकारों का बेटी बचाओ-बेटी पढाओ का नारा खोखला साबित हुआ है तथा अंकिता भंडारी निर्मम हत्याकांड से लेकर भाजपा शासन में महिलाओं पर लगातार अत्याचार की घटनायें घटित होती जा रही हैं तथा पिछले चार साल में दर्जनों बेटियों को अपनी इज्जत और जान गंवानी पड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि सीबीआई से जांच कराने की बजाय भाजपा के नेता कांग्रेस और विपक्षी दलों पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने तथा कांग्रेस का पुतला दहन करने का काम कर रहे हैं, इससे स्पष्ट है कि धामी सरकार अपनी खाल बचाने के लिए उल्टा चोर कोतवाल को डांटने वाली कहावत को चरितार्थ करती नजर आ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button