ऋषिकेश से अंतिम संस्कार से लौट रहे आठ लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत
चम्बा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के पास गहरी खाई में गिरी यूटिलिटी पिकअप, दो घायल

नई टिहरी। चम्बा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के पास एक यूटिलिटी पिकअप गहरी खाई में गिर गई।। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो गंभीर रुप से घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यूटिलिटी पिकअप में सवार सभी लोग घनसाली के आसपास के थे और ऋषिकेश से अंतिम संस्कार कर लौट रहे थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चंबा थाने से पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम को मौके के पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल ने स्वयं मौके पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। मृतकों का घटनास्थल पर ही पोस्टमार्टम करने के लिए जिला अस्पताल और सीएचसी से डाक्टरों की टीम मौके पर रवाना हो गई है।
घायल
उत्तम पुत्र पुस्सू (30), ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़, टिहरी गढ़वाल
अंकित पुत्र आशा लाल (22), ग्राम नेलचामी, घनसाली, टिहरी गढ़वाल
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुःख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दुर्घटना में मृत लोगों की आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं।



