-
शपथ ग्रहण से किनारा कर सकते हैं कुछ अन्य वरिष्ठ नेता
-
कांग्रेस ने कहा- कि पुराने साथियों के लिए उनके दरवाजे खुले हैं
देहरादून। नये सीएम के चयन से नाराज पूर्व मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने धामी कैबिनेट में शामिल होने से मना कर दिया। इस बाबत चुफाल ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को फोन कर अपने दिल की कह दी।
पुष्ट सूत्रों के मुताबिक युवा पुष्कर सिंह धामी की ताजपोशी के बाद भाजपा के कई मठाधीश व वरिष्ठ नेता नाखुश बताए जा रहे हैं। कई बार विधायक, मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष बने चुफाल की नाराजगी व शपथ नहीं लेने के फैसले के बाद पार्टी में हलचल मच गई है। चुफाल के इस मूव से भाजपा के अंदर एक नए मोर्च पर जंग छिड़ी गई है। संभावित कुछ अन्य मंत्रियों के भी शपथ नहीं लेने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया।
भाजपा की राजनीति में चुफाल व पूर्व सीएम कोश्यारी के बीच छत्तीस का आंकड़ा रहा है। नये सीएम धामी को कोश्यारी के करीबियों में शुमार किया जाता है। चुफाल शनिवार से ही काफी नाराज बताए जा रहे हैं। इसके अलावा भाजपा के कुछ अन्य वरिष्ठ नेता भी सन्नाटे में दिख रहे हैं।
इधर, यह भी खबर आ रही है कि मंत्री रहे सतपाल महाराज-हरक सिंह भी रविवार शाम को हो रहे पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह से किनारा कर सकते हैं। शनिवार को इन दोनों नेताओं की नाराजगी की खबर के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने बात भी की थी। उधर, कांग्रेस ने कहा है कि पुराने साथियों के लिए उनके दरवाजे खुले हैं।
गौरतलब है कि नित्यानंद स्वामी के मन्त्रिमण्डल में भी निशंक व कोश्यारी ने शामिल नहीं होने की बात कर तूफान खड़ा कर दिया था। बहुत मनाने के बाद दोनों को बाद में शपथ लेनी पड़ी।