-
मंदिर परिसर में 20-25 तीर्थ पुरोहित और प्रशासनिक अधिकारी ही रहे मौजूद
बड़कोट (राजकाज लाइव)। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट आज शुक्रवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर खोल दिए गए हैं। कोरोना संक्रमण के चलते पिछली बार की भांति इस बार भी कपाट खुलने के मौके पर केवल तीर्थ पुरोहित और प्रशासनिक अधिकारी ही मौजूद रहे।
कपाट खुलने के अवसर पर मंदिर परिसर में मौजूद 20-25 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के जयकारे लगाए। इस मौके पर बड़कोट के उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, उपाध्यक्ष यमुनोत्री मन्दिर समिति राजस्वरूप उनियाल, रावल भागेश्वर उनियाल, ग्राम प्रधान खरसाली यशपाल राणा सहित तीर्थ पुरोहित मौजूद थे।
इससे पहले, यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से सुबह करीब 9 बजे मां यमुना की डोली यमुनोत्री के लिए रवाना हुई।
पहली बार अलग-अलग दिन खोले जाएंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट
गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट हर साल अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त पर खोले जाते हैं। लेकिन, संभवतः ऐसा पहली बार हो रहा है जब दोनों मंदिरों के कपाट अलग-अलग दिन खुल रहे हैं। गंगोत्री धाम के कपाट कल 15 मई को खुलेंगे। जबकि, यमुनोत्री धाम के कपाट आज 14 मई को खुल गए हैं।
दरअसल, इस साल अक्षय तृतीया 14 और 15 मई यानी दो दिन पड़ रही है। इस वजह से उदय काल 15 मई के दिन पड़ रहा है जिस वजह से इस दिन गंगोत्री धाम के कपाट 15 खोले जा रहे हैं। जबकि, ग्रीष्मकाल 14 मई को पड़ने की वजह से यमुनोत्री धाम के कपाट आज खोले गए।
चारधाम के ऑनलाइन दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार पहले ही चारधाम यात्रा स्थगित कर चुकी है। श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए उत्तराखंड सरकार श्रद्धालुओं को चारधाम के वर्चुअल दर्शन कराने की तैयारी कर रही है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बीते दिन देवस्थानम बोर्ड को वर्चुअल दर्शन कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। ऑनलाइन दर्शन के साथ ही भक्त ऑडियो सिस्टम के जरिए पूजा-अर्चना भी कर सकेंगे।