नई दिल्ली (एजेंसी)। केंद्र सरकार ने बड़ा फेरबदल करते हुए महाराष्ट्र समेत 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में राज्यपालों को बदल दिया है।
रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दफ्तर ने एक बयान जारी कर कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उप-राज्यपाल राधा कृष्णन का इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है। बयान में कहा गया है कि भगत सिंह कोश्यारी की जगह अब झारखंड के राज्यपाल रहे रमेश बैस महाराष्ट्र के राज्यपाल होंगे। वहीं लद्दाख के उप-राज्यपाल राधा कृष्णन माथुर की जगह अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे ब्रिगेडियर (डॉ) बीडी मिश्रा लद्दाख के नए उप-राज्यपाल होंगे। बीजेपी के पूर्व सांसद और तमिलनाडु के निवासी सीपी राधा कृष्णन को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार कई राज्यों में राज्यपाल के पद पर नई नियुक्तियां हुई हैं, तो कई राज्यों में जो राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं वो पहले किसी दूसरे राज्य के राज्यपाल थे। बयान में कहा गया है कि ये नियुक्तियां उस दिन से प्रभावी होंगी जिस दिन राज्यपाल अपना कार्यभार संभालेंगे।
राज्यपालों के राज्यों में बदलाव
- विश्व भूषण हरिचंदन – पहले आंध्र प्रदेश के राज्यपाल थे, अब छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बनाए गए हैं।
- अनुसुया उइके – पहले छत्तीसगढ़ की राज्यपाल थीं, अब उन्हें मणिपुर में राज्यपाल बनाकर भेजा गया है।
- ला. गणेशन – पहले मणिपुर के राज्यपाल थे, उन्हें अब नगालैंड का राज्यपाल बनाया गया।
- फागू चौहान – पहले बिहार के राज्यपाल थे, अब मेघालय के राज्यपाल के तौर पर नियुक्त किए गए हैं।
- राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर – पहले हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल थे, अब बिहार भेजे गए हैं।
- रमेश बैस – पहले झारखंड के राज्यपाल थे, अब महाराष्ट्र के राज्यपाल होंगे।
- ब्रिगेडियर (डॉ) बीडी मिश्रा – पहले अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल थे, अब केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में उप-राज्यपाल बनाकर भेजा गया है।
नए बनाए गए राज्यपाल
- लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) केवल्य त्रिविक्रम परनाइक – अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है।
- लक्ष्मण प्रसाद आचार्य – सिक्किम के नए राज्यपाल बनाए गए हैं।
- सीपी राधाकृष्णन – झारखंड के रज्यपाल बने हैं।
- शिव प्रताप शुक्ल – अब हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल होंगे।
- गुलाब चंद कटारिया – असम के नए गवर्नर होंगे।
- जस्टिस (रिटायर्ड) एस अब्दुल नज़ीर- आंध्र प्रदेश के राज्यपाल होंगे।