चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गोपेश्वर पहुंचकर चमोली-गोपेश्वर नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुष्पा पासवान के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग किया। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को जीत की बधाई देते हुए नगर पालिका के विकास कार्यो को आगे बढाने के लिए शुभाकामनाएं दी। मुख्यमंत्री के गोपेश्वर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। जिला मजिस्ट्रेट हिमांशु खुराना ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नगर पालिका अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जिले की सबसे बडी नगर पालिका चमोली-गोपेश्वर को एक आदर्श नगर पालिका बनाने के लिए मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य किए जाएंगे ताकि नगर क्षेत्र में पार्किंग, भूस्ख्लन, बरसाती नालों एवं अन्य समस्याओं का सुनियोजित तरीके से समाधान हो सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर क्षेत्र के विकास कार्यो को तेजी से आगे बढाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रैणी आपदा में बेघर हुई वृद्वा सोणी देवी को ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इन्सीट्यूट की ओर से बनवाए गए नए घर की चाभी सौंपी। जोशीमठ क्षेत्र के रैंणी गांव में फरवरी 2021 की आपदा में सोणी देवी का घर जमींदोज हो गया था। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इन्सीट्यूट के चेयरमैन डा. कमल घनशाला ने सोणी देवी के लिए आसपास सुरक्षित इलाके में घर बनाने का निर्णय लिया था। सोणी देवी को मेरग गांव में नया घर बनवाया गया। सीएम ने आज उन्हें नए घर की चाभी सौंपी। नया घर मिलने पर सोणी देवी ने मुख्यमंत्री एवं ग्राफिक ऐरा गु्रप का आभार व्यक्त किया। इस दौरान ग्राफिक एरा के महानिदेश डा. संजय जसोला एवं निदेशक(इंफ्रा) डा.सुभाष गुप्ता भी मौजूद थे। इस दौरान नीती माणा की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को पारम्परिक भोजपत्र की माला भेंट कर उनका अभिवादन किया।
गोपेश्वर-चमोली नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा पासवान ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिन्ह एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, पूर्व राज्य मंत्री रिपुदमन सिंह रावत, पूर्व विधायक महेंद्र भट, पूर्व विधायक थराली मुन्नी देवी शाह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अनुसूया प्रसाद भट्ट, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष संदीप सिंह रावत, जिले के प्रभारी विजय कपरवाण, नंदप्रयाग नगर पंचायत अध्यक्ष हिमानी वैष्णव, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, गोपेश्वर नगर पालिका के समस्त सभासद, गणमान्य नागरिक एवं बडी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद थी।
वही दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग के विश्राम ग्रह में जिले के पत्रकारों ने प्रदेश सरकार की आरे से पत्रकार कल्याण कोष के अधीन दी जाने वाली पत्रकार पेंशन की धनराशि 5000 से बढाकर 8000 करने की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया।